सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शनिवार को जयवंती हाक्सर शासकीय महाविद्यालय के अटल सभागार में ‘ मेरे सपनों का भारत ’ विषय पर जिला स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के सभी विकासखंडों से प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आमला विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री हंसराज धुर्वे, जिला विकास सलाहकार समिति सदस्य श्री सुधाकर पवार, श्री कमलेश सिंह, श्री कृष्णा गायकी, श्री अतीत पवार एवं डॉ. महेंद्र सिंह चौहान सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

विद्यार्थियों ने चित्रों में उकेरे भारत के सपने

प्रतियोगिता के माध्यमिक वर्ग में घोड़ाडोंगरी से कक्षा 8वीं के विद्यार्थी आयुष ने प्रथम, बैतूल से कक्षा 6वीं के मोहित ने द्वितीय तथा कक्षा 8वीं की तेजस्विनी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं हाईस्कूल/हायर सेकेंडरी वर्ग में घोड़ाडोंगरी से कक्षा 9वीं की छात्रा रुचिका ने प्रथम, शाहपुर विकासखंड से कक्षा 10वीं की खुशी सलामे ने द्वितीय तथा नीलम उईके ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। मुख्य अतिथियों ने विजेता विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

बच्चों की कल्पना में दिखाई देता है विकसित भारत का स्वरूप: डॉ. पंडाग्रे

आमला विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे ने कहा कि ‘ मेरे सपनों का भारत ’ विषय पर आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता विद्यार्थियों को अपनी कल्पनाओं और विचारों को रचनात्मक रूप से व्यक्त करने का अवसर प्रदान करती है। बच्चों के सपनों में भारत के भविष्य की तस्वीर दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने से उनमें आत्मविश्वास बढ़ता है और वे अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित होते हैं।

जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री हंसराज धुर्वे ने कहा कि पहले का भारत और आज का भारत देखें तो देश में अनेक क्षेत्रों में व्यापक परिवर्तन देखने को मिलता है। शिक्षा, तकनीक, सड़क, बिजली, पानी, डिजिटल सेवाओं और संचार के क्षेत्र में तेजी से विस्तार हुआ है। जिला विकास सलाहकार समिति सदस्य श्री सुधाकर पवार ने कहा कि आज के विद्यार्थी जिस भारत की कल्पना अपने चित्रों में कर रहे हैं, वही आने वाले समय के भारत की दिशा तय करेगा। विद्यार्थियों को अपने सपनों के भारत के निर्माण में जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने के लिए आगे आना चाहिए।

सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्रीमती वत्सला शिवहरे एवं जिला शिक्षा अधिकारी सुश्री पूनम वरकड़े ने बताया कि प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने ‘ मेरे सपनों का भारत ’ की थीम पर अपनी कल्पनाओं और विचारों को चित्रों के माध्यम से अभिव्यक्त किया। विकासखंड स्तर पर चयनित विद्यार्थियों ने चित्रों का जिला स्तर पर प्रदर्शन किया गया।