भारत सरकार युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय क्षेत्रीय निदेशालय भोपाल के आदेशानुसार “ नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत – 100 संडेज़ कैंपेन ” के अंतर्गत गुरूवार को प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय राजगढ़ में “ हेल्थ वॉक/रन – Step Up, Stay Addiction-Free” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की थीम “ मेरी सेहत, मेरा गर्व – My Health, My Pride” रही।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में शारीरिक फिटनेस, स्वस्थ जीवनशैली, सकारात्मक सामाजिक जुड़ाव तथा नशा-मुक्त जीवन के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना था। कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतिभागियों का पंजीयन किया गया तथा राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों के नेतृत्व में लगभग 1 से 3 किलोमीटर की हेल्थ वॉक/रन आयोजित की गई। प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वस्थ एवं नशा-मुक्त जीवन का संदेश दिया।
हेल्थ वॉक/रन के दौरान प्रतिभागियों को नियमित व्यायाम, संतुलित जीवनशैली तथा नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया। इसी कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किया।कार्यक्रम के अंत में “ नशा मुक्त युवा संकल्प ” भी दिलाया गया। यह संपूर्ण कार्यक्रम संस्था प्राचार्य डॉ वी बी खरे के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम प्रभारी प्राचार्य डॉ. व्ही.एस. बैस की उपस्थिति में तथा जिला संगठक रासेयो डॉ. शैलेंद्र कुमार मेवाड़ा के नेतृत्व में संपन्न हुआ। इसमें बड़ी संख्या में राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों के साथ महाविद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि के रूप में नगर पालिका राजगढ़ की ओर से श्री के.पी. पंवार, श्री पंकज मौर्य एवं श्री मोहित तंवर उपस्थित रहे। उन्होंने युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं में यह संदेश दिया गया कि स्वस्थ शरीर, सकारात्मक सोच और नशा-मुक्त जीवन ही सशक्त युवा और विकसित भारत की मजबूत आधारशिला है।


