प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिलेभर में विभिन्न सेवा गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर त्रिमूर्ति स्थल पर स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं के कार्यकर्ताओं एवं प्रशासनिक अमले ने सहभागिता कर श्रमदान किया। इस अवसर पर स्वच्छता मित्रो का सम्मान भी किया गया।
सांसद राहुल सिंह लोधी ने कहा सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से देशभर में विभिन्न सेवा गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसी क्रम में त्रिमूर्ति स्थल पर स्वच्छता अभियान चलाकर सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने का संकल्प लिया गया।
उन्होंने कहा वृक्षारोपण और स्वच्छता जैसे जनभागीदारी के कार्य आने वाली पीढ़ी को नई दिशा देने का कार्य करते हैं। विशेष रूप से युवाओं और नौजवान साथियों की सहभागिता समाज में सकारात्मक संदेश देती है।
श्री लोधी ने महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर महात्मा गांधी के स्वच्छता एवं सेवा के विचारों को स्मरण करते हुए कहा गया उनके दिखाए मार्ग और पदचिह्नों पर चलकर समाज एवं राष्ट्र के विकास में योगदान दिया जा सकता है। उन्होंने कहा सेवा, स्वच्छता और जनभागीदारी के माध्यम से स्वस्थ एवं स्वच्छ समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।
भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम शिवहरे ने कहा सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आज जिले के विभिन्न स्थानों पर जनप्रतिनिधियों द्वारा स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा देशभर में स्वच्छता को जनअभियान के रूप में स्थापित करने के संदेश को आगे बढ़ाना है।
उन्होंने कहा स्वच्छ वातावरण का सीधा संबंध बेहतर स्वास्थ्य से है। जब हमारा परिवेश स्वच्छ रहता है, तो समाज भी स्वस्थ और सुरक्षित वातावरण की ओर आगे बढ़ता है। इसी संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आज स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
श्री शिवहरे ने कार्यक्रम में सहभागिता करने वाले स्वयंसेवी संस्थाओं के कार्यकर्ताओं तथा प्रशासनिक अधिकारियों-कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा सभी के सामूहिक प्रयासों से स्वच्छता के इस अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।

