सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत ‘मेरे सपनों का भारत’ जिला स्तरीय चित्रकला प्रदर्शनी का आयोजन टाऊन हॉल में किया गया। कार्यक्रम में सांसद श्रीमती संध्या राय ने जिला स्तरीय विजेताओ को प्रमाण पत्र और ट्राफी देकर सम्मानित किया। जिला स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता में एसजीएस पब्लिक स्कूल की मोहिनी श्रीवास्तव और समूह को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 1 की छात्रा ऋचा जैन को द्वितीय और पीएम श्री शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल, गोरमी के छात्र साहिल सिंह को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।
इस अवसर पर सांसद श्रीमती राय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से एक माह तक सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान अंतर्गत ‘मेरे सपनों का भारत’ चित्रकला प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों ने प्रधानमंत्री श्री मोदी की विकसित भारत 2047 की संकल्पना को चित्रकला के माध्यम से प्रदर्शित किया है।
उन्होंने कहा कि विजेता विद्यार्थियों को राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया जाएगा। सभी प्रतिभागियों ने सराहनीय प्रदर्शन किया और जो विद्यार्थी प्रतियोगिता में स्थान नहीं पा सकें वे अपनी कला को और निखारे व आगे बढ़ने का प्रयास जारी रखें।
उन्होंने कहा कि युवाओं को सपने देखते रहना चाहिए और इन्हें साकार करने के लिए परिश्रम भी जरूरी है, सरकार युवाओं को कौशल प्रशिक्षण, युवा मेला, उद्यम ऋण जैसी नीतियों से आगे बढ़ने के अवसर दे रही है।
कार्यक्रम में मप्र स्टेट सिविल सप्लाइज कॉरपोरेशन के उपाध्यक्ष श्री संजीव कांकर, जिला कलेक्टर, जिला पंचायत सीईओ, जिला शिक्षा अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे। अतिथियों ने कार्यक्रम स्थल पर चित्रकला प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।


