सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत जिले में ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान का आयोजन 2 से 10 अक्टूबर तक किया जाएगा। अभियान के तहत आमजन से जुड़ी विभिन्न सेवाओं और सामाजिक सरोकारों से संबंधित 9 गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके लिए जिला स्तर पर संबंधित विभागीय अधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त कर गतिविधियों के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।अभियान की शुरुआत 2 अक्टूबर को स्वच्छता ही सेवा अभियान से होगी।

इस दौरान स्वच्छता कर्मियों का सम्मान, प्लास्टिक मुक्त परिसर एवं स्वच्छता संबंधी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इन गतिविधियों का आयोजन जिले के साथ विकासखंड, नगरीय निकायों के वार्ड और ग्राम पंचायत स्तर पर किया जाएगा। 3 अक्टूबर को स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। 4 अक्टूबर को वृद्धाश्रम में सेवा तथा अनाथालय में सेवा की गतिविधियां होंगी।

इसके बाद 6 अक्टूबर को आंखों की जांच एवं संभव होने पर चश्मों का वितरण किया जाएगा।8 अक्टूबर को दिव्यांगजन सशक्तिकरण से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

9 अक्टूबर को वृहद वृक्षारोपण अभियान के साथ सैनिकों तथा उनके अभिभावकों के सम्मान का कार्यक्रम होगा। अभियान के अंतिम दिन 10 अक्टूबर को जरूरतमंद विद्यार्थियों को आवश्यक सामग्री का वितरण किया जाएगा। इन गतिविधियों के लिए स्वास्थ्य विभाग, सामाजिक न्याय विभाग, वन विभाग, पुलिस विभाग, शिक्षा विभाग, नगरीय निकाय एवं पंचायत स्तर के अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

प्रशासन द्वारा अभियान के तहत निर्धारित सभी गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान के माध्यम से स्वच्छता, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, वृद्ध एवं अनाथजनों की सेवा, सैनिकों का सम्मान तथा जरूरतमंद विद्यार्थियों की सहायता जैसी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा। अभियान से संबंधित गतिविधियों की जानकारी विभागीय स्तर पर तैयार कर संबंधित पोर्टल पर भी अपलोड की जाएगी।