ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के प्रभावी क्रियान्वयन एवं नगर की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय ने आज मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री ओमपाल सिंह भदौरिया के साथ ट्रेंचिंग ग्राउंड का निरीक्षण किया। इस दौरान नगर पालिका परिषद टीकमगढ़ द्वारा किए जा रहे कचरे के पृथक्करण एवं प्रसंस्करण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया गया।
कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने ट्रेंचिंग ग्राउंड में कचरे के पृथक्करण, प्रसंस्करण एवं निस्तारण की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने परिसर में स्थापित विभिन्न मशीनों की कार्यप्रणाली को देखा तथा मौके पर मशीनों का परीक्षण कर उनकी कार्यक्षमता एवं संचालन व्यवस्था की जानकारी ली। इस दौरान ट्रॉमल मशीन, फटका मशीन एवं अगलो मशीन का भी निरीक्षण किया गया।
कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने ठोस अपशिष्ट के वैज्ञानिक एवं व्यवस्थित प्रसंस्करण पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि कचरे का प्रभावी पृथक्करण, प्रसंस्करण एवं उचित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के अनुरूप व्यवस्थाओं को प्रभावी रूप से लागू किया जाए, ताकि ट्रेंचिंग ग्राउंड की व्यवस्था बेहतर होने के साथ ही नगर की स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिल सके।
उन्होंने पूर्व निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों के अनुपालन में नगर पालिका द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की। इस दौरान ठेकेदार एवं कर्मचारियों द्वारा ट्रेंचिंग ग्राउंड में संचालित व्यवस्थाओं तथा विभिन्न मशीनों के संबंध में कलेक्टर को आवश्यक जानकारी दी गई।
निरीक्षण के दौरान उपयंत्री श्री दीपक विश्वकर्मा, स्वच्छता नोडल अधिकारी श्री रौनक जैन, कंप्यूटर ऑपरेटर श्री शुभम वर्मा, सफाई प्रभारी हवलदार श्री राकेश वाल्मीकि सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
