सेवा संकल्प एवं जनविश्वास अभियान अंतर्गत जिला पंचायत सीईओ श्री विशाल धाकड़ ने ग्राम पंचायत बड़ागांव खुर्द का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने प्रथम संस्था द्वारा संचालित ‘सेकंड चांस’ कार्यक्रम का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यक्रम के अंतर्गत अध्ययनरत बालिकाओं से संवाद कर उनकी पढ़ाई, तैयारियों एवं भविष्य की योजनाओं के संबंध में जानकारी ली तथा उन्हें निरंतर शिक्षा से जुड़े रहने और बेहतर अवसरों के लिए आगे बढ़ने हेतु मार्गदर्शन दिया।
प्रथम एक गैर-सरकारी संस्था है, जो शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए निरंतर कार्य कर रही है। संस्था द्वारा वर्ष 2012 से ‘सेकंड चांस’ कार्यक्रम के माध्यम से बालिकाओं एवं महिलाओं को कक्षा 10वीं की परीक्षा की तैयारी में सहयोग प्रदान किया जा रहा है। अब तक लगभग 50 हजार से अधिक महिलाएं इस कार्यक्रम से लाभान्वित होकर दोबारा शिक्षा से जुड़ी हैं तथा रोजगार एवं बेहतर अवसरों की दिशा में आगे बढ़ी हैं।
कार्यक्रम के अंतर्गत बालिकाओं एवं महिलाओं को प्रारंभिक स्तर से पढ़ना-लिखना सीखने में सहयोग दिया जाता है। कक्षा 10वीं की परीक्षा की तैयारी पूरी तरह निःशुल्क कराई जाती है तथा परीक्षा फॉर्म भरने से संबंधित निःशुल्क मार्गदर्शन भी प्रदान किया जाता है। सभी विषयों के लिए सरल वर्कशीट, अनुभवी शिक्षकों का सहयोग और डिजिटल अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाती है। डिजिटल सामग्री के उपयोग के लिए टैबलेट की सुविधा भी दी जाती है।
नियमित रूप से अध्ययन करने वाली छात्राओं, जिनकी उपस्थिति 70 प्रतिशत या उससे अधिक होती है, की रजिस्ट्रेशन फीस एवं परीक्षा फीस संस्था द्वारा वहन की जाती है। इसके साथ ही पढ़ाई के साथ जीवन में उपयोगी लाइफ स्किल एवं स्वास्थ्य संबंधी पाठ्यक्रमों का भी प्रशिक्षण दिया जाता है। ‘प्रथम माई लर्निंग’ ऐप के माध्यम से डिजिटल कंटेंट उपलब्ध कराया जाता है, जिससे छात्राएं अपनी पढ़ाई कहीं भी और कभी भी जारी रख सकती हैं।
जिला पंचायत सीईओ श्री विशाल धाकड़ ने कार्यक्रम की गतिविधियों का अवलोकन करते हुए बालिकाओं से संवाद किया और शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा जीवन में नए अवसरों के द्वार खोलती है तथा ऐसे कार्यक्रम बालिकाओं एवं महिलाओं को अपनी शिक्षा पूरी करने और बेहतर भविष्य के लिए आगे बढ़ने में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान करते हैं।




