महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिले में 9वें राष्ट्रीय पोषण माह-2026 का शुभारंभ 9 सितंबर को किया गया। इस वर्ष राष्ट्रीय पोषण माह ‘हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ थीम पर 9 सितंबर से पूरे माह मनाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य पोषण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना, कुपोषण की रोकथाम तथा पोषण संबंधी गतिविधियों में समुदाय की सहभागिता सुनिश्चित करना है।

राष्ट्रीय पोषण माह के प्रथम दिवस जिले के विभिन्न सेक्टरों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों में पोषण रैली, जागरूकता बैठक, पोषण मटकी एवं रंगोली प्रदर्शन सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, बच्चों एवं स्थानीय महिलाओं द्वारा पोषण रैली निकालकर संतुलित आहार, स्वस्थ जीवनशैली एवं पोषण का संदेश दिया गया।

आंगनवाड़ी केंद्रों पर स्थानीय एवं मौसमी खाद्य पदार्थों, हरी सब्जियों तथा प्रोटीन युक्त पौष्टिक खाद्य पदार्थों का प्रदर्शन कर कम लागत में उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों के उपयोग के संबंध में लोगों को जागरूक किया गया। साथ ही 3 से 6 वर्ष के बच्चों को दिए जाने वाले गर्म पके भोजन एवं पौष्टिक नाश्ते की गुणवत्ता के संबंध में समुदाय के साथ संवाद किया गया।

इस अवसर पर राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित शुभारंभ कार्यक्रम का वेबकास्ट भी जिले के विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों में देखा गया। आयोजित गतिविधियों में समुदाय की सहभागिता रही तथा पोषण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। राष्ट्रीय पोषण माह के दौरान आहार विविधता एवं पर्याप्त प्रोटीन, आंगनवाड़ी केंद्रों पर ताजा एवं विविधतापूर्ण गर्म पका भोजन, सामुदायिक सहभागिता एवं जवाबदेही, बाल विकास एवं प्रारंभिक बाल्यावस्था विकास संबंधी गतिविधियों तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से पात्र हितग्राहियों को जोड़ने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि पूरे माह निर्धारित कैलेंडर के अनुसार तिथिवार गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इन गतिविधियों के माध्यम से पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने, कुपोषण की रोकथाम तथा जन-आंदोलन के माध्यम से सही पोषण का संदेश प्रत्येक परिवार तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।