मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुसार पर्यावरण संरक्षण की अनूठी पहल के रूप में संचालित “माटी गणेश-सिद्ध गणेश” अभियान के अंतर्गत मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड कोतमा द्वारा मिट्टी से निर्मित पर्यावरण हितैषी गणेश प्रतिमाओं के निर्माण हेतु प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला का आयोजन मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के अंतर्गत बीएसडब्ल्यू एवं एमएसडब्ल्यू कक्षाओं के संचालन के साथ नवांकुर एवं प्रस्फुटन समितियों के सहयोग से किया गया। प्रशिक्षण कार्यशाला में पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से मिट्टी के गणेश निर्माण का प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
जिला समन्वयक मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद श्री उमेश कुमार पाण्डेय ने बताया कि विगत दिनों भोपाल में माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद एवं नर्मदा समग्र के संयुक्त तत्वावधान में “माटी गणेश-सिद्ध गणेश” अभियान का शुभारंभ किया था। इस अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री द्वारा अभियान की संकल्पना पर केंद्रित पोस्टर का विमोचन भी किया गया।
उन्होंने बताया कि परिषद द्वारा पर्यावरण संरक्षण की दिशा में नवाचारी पहल करते हुए इस अभियान का संचालन किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत पर्यावरण हितैषी संस्था नर्मदा समग्र द्वारा प्रशिक्षण के माध्यम से प्रदेश के समस्त 313 विकासखंडों में परिषद के नेटवर्क से जुड़े लोगों को प्रशिक्षित किया जाएगा।
प्रशिक्षित व्यक्तियों द्वारा अपने-अपने ग्रामों में स्थानीय महिलाओं को पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रेरित एवं प्रशिक्षित किया जाएगा तथा मिट्टी से निर्मित पर्यावरण अनुकूल गणेश प्रतिमाओं की घर-घर स्थापना के लिए जागरूक किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर जनभागीदारी को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम में विकासखंड समन्वयक श्री सरिमन साकेत सहित समस्त परामर्शदाता एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।



