कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत 2 अक्टूबर से 10 अक्टूबर तक सेवा मेरा योगदान अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जायेगा, इसके लिए संबंधित अधिकारियों को दायित्व सौपे गये है। सेवा मेरा योगदान अंतर्गत 2 अक्टूबर को जिला, विकासखण्ड, नगरीय एवं ग्राम पंचायत स्तर पर वृक्षारोपण अभियान तथा स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसी क्रम में आगामी 10 अक्टूबर तक विभिन्न प्रकार की गतिविधियां निर्धारित की गई है।
उन्होंने कहा कि अभियान के तहत ही सेवा सेतु शिविरो का आयोजन 03 अक्टूबर को जनपद स्तर पर एवं 04 अक्टूबर को नगरीय निकाय स्तर पर किया जायेगा। इस दौरान संबंधित निकाय तथा विभाग शेष पात्र हितग्राहियों को कल्याणकारी योजनाओं में लाभ प्रदान करना सुनिश्चित करेंगे। वे आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय सीमा की बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देशित कर रहीं थी।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री कार्तिकेय जायसवाल, एसडीएम श्योपुर श्री गगन मीणा, कराहल श्री बीएस श्रीवास्तव, विजयपुर श्री अभिषेक मिश्रा, डिप्टी कलेक्टर श्री विजय शाक्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा ने निर्देश दिये कि आधार अपडेशन एवं समग्र आईडी की ई-केवायसी के लिए प्रारंभिक चरण में शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें संबंधित अधिकारी अपनी-अपनी योजनाओं में ऐसे हितग्राही जिन्हें तकनीकी त्रुटि तथा ई-केवायसी या डीबीटी नही होने से लाभ से शेष है, उनकी ई-केवायसी और अन्य तकनीकी त्रुटियों को दूर कराने का कार्य सुनिश्चित करें। इस अवसर पर उन्होंने सीएससी के माध्यम से फार्मर रजिस्ट्री कराये जाने के कार्य को गति देने के लिए सीएससी ऑपरेटर्स की बैठक बुलाने के निर्देश ई-गर्वेनेस प्रबंधक को दिये।
कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा द्वारा सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों के निराकरण की समीक्षा करते हुए निर्देश दिये कि सभी विभाग ए-ग्रेड के लक्ष्य अनुसार निराकरण सुनिश्चित करें। पिछले माह डी श्रेणी में आने वाले विभाग जल संसाधन, जनजातीय कार्य विभाग, कृषि विभाग तथा लोक निर्माण विभाग को इस माह विभागीय रैंक सुधारने के निर्देश दिये गये। इस अवसर पर जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों के निराकरण की समीक्षा भी की गई। सीईओ जिला पंचायत श्री कार्तिकेय जायसवाल ने गौशालाओं की व्यवस्थाओं को चॉक-चौंबद करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि जिन गौशालाओं में बिजली एवं पानी की आवश्यकता है, वहां संबंधित विभाग समन्वय से कार्य कर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें।
